Teachers News: डॉक्टर के नाम के आगे Dr की तरह अब शिक्षक भी लगा सकेंगे ‘Tr’, सरकार का बड़ा फैसला
Teachers News: शिक्षक दिवस के मौके पर कर्नाटक सरकार ने शिक्षकों के सम्मान और उनकी अलग पेशेवर पहचान को लेकर बड़ा फैसला किया है। अब राज्य के शिक्षक अपने नाम के आगे ‘Tr’ उपसर्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने 5 सितंबर 2026 को इसकी घोषणा की।
शिक्षकों को मिली नई पहचान
कर्नाटक सरकार के इस फैसले के बाद शिक्षक अपने नाम के आगे Tr. (Teacher/शिक्षक) लिख सकेंगे। यह व्यवस्था डॉक्टरों के लिए इस्तेमाल होने वाले Dr, इंजीनियरों के Er और प्रोफेसरों के Prof जैसे पेशेवर उपसर्गों की तर्ज पर लाई गई है। सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य शिक्षकों के योगदान को सम्मान देना और समाज में उनके पेशे की प्रतिष्ठा बढ़ाना है।
रिपोर्टों के अनुसार, यह फैसला कैबिनेट स्तर पर चर्चा के बाद लिया गया। इसके बाद शिक्षक दिवस के अवसर पर इसकी घोषणा की गई। सरकार ने शिक्षकों की भूमिका को केवल कक्षा में पढ़ाने तक सीमित नहीं माना, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों, करियर मार्गदर्शन और समाज निर्माण में उनके योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया है।
‘Tr’ सिर्फ दो अक्षर नहीं, सम्मान का प्रतीक
सकार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक कर्नाटक में करीब 4.5 लाख शिक्षक हैं। देश में शिक्षकों की संख्या एक करोड़ से अधिक बताई गई है। सरकार ने कहा कि शिक्षक देश के वर्तमान और भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में ‘Tr’ को केवल दो अक्षरों का उपसर्ग नहीं, बल्कि शिक्षकों की वर्षों की सेवा और समर्पण के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
बताया गया है कि सरकारी आदेश संख्या 216 E SLB 2026, दिनांक 5 सितंबर 2026 के जरिए शिक्षकों को नाम के आगे ‘Tr’ इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई है। आदेश स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग से संबंधित है। 
शिक्षकों में खुशी, लेकिन उठे कुछ सवाल
इस फैसले का कई शिक्षक संगठनों ने स्वागत किया है। उनका मानना है कि इससे शिक्षक समुदाय को एक अलग पेशेवर पहचान मिलेगी और समाज में शिक्षकों के सम्मान को मजबूती मिलेगी। हालांकि, कुछ शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि केवल उपसर्ग देने के साथ-साथ शिक्षकों की कार्य परिस्थितियों, वेतन, पदोन्नति और अन्य व्यावहारिक समस्याओं पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।
कर्नाटक सरकार का यह फैसला फिलहाल राज्य के शिक्षकों के लिए लागू है। दूसरे राज्यों में भी अब इस तरह की व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो सकती है। शिक्षकों के लिए ‘Tr’ की शुरुआत को उनके योगदान के सम्मान के तौर पर देखा जा रहा है।
