डायट में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, वरिष्ठ प्रवक्ता को मिली प्राचार्य की जिम्मेदारी

डायट में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, वरिष्ठ प्रवक्ता को मिली प्राचार्य की जिम्मेदारी

देवरिया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), देवरिया में प्राचार्य और उप प्राचार्य के पद रिक्त होने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, शासन के पत्र संख्या 553/अनुसू-4-2026 दिनांक 4 सितंबर 2026 के क्रम में डायट देवरिया के वरिष्ठ प्रवक्ता श्री कुलदीप नारायण सिंह को प्राचार्य पद का प्रभार सौंपा गया है। खास बात यह है कि उन्हें वित्तीय अधिकारों सहित प्राचार्य पद की जिम्मेदारी दी गई है। यह व्यवस्था अग्रिम आदेश अथवा वैकल्पिक व्यवस्था होने तक प्रभावी रहेगी।

अतिरिक्त वेतन या भत्ता नहीं मिलेगा
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्राचार्य पद का प्रभार संभालने के लिए श्री कुलदीप नारायण सिंह को कोई अतिरिक्त वेतन या भत्ता देय नहीं होगा। यानी वह वरिष्ठ प्रवक्ता के पद पर रहते हुए प्राचार्य की अतिरिक्त जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
पहले भी मिल चुका है प्राचार्य का प्रभार
गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रदेश के 17 डायट संस्थानों में वरिष्ठ प्रवक्ताओं को प्राचार्य पद का प्रभार दिए जाने की व्यवस्था की गई थी। उस समय देवरिया डायट में श्री कुलदीप नारायण सिंह को भी प्राचार्य की जिम्मेदारी मिली थी। अब नए आदेश के जरिए उनके प्रभार को वित्तीय अधिकारों के साथ आगे की व्यवस्था तक जारी रखा गया है।
इस आदेश की प्रतिलिपि आवश्यक कार्रवाई के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के प्रमुख अधिकारियों, महानिदेशक स्कूल शिक्षा, जिलाधिकारी देवरिया, संयुक्त शिक्षा निदेशक, उप शिक्षा निदेशक और अन्य संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है। नए आदेश के बाद डायट देवरिया की प्रशासनिक और वित्तीय जिम्मेदारी फिलहाल श्री कुलदीप नारायण सिंह संभालेंगे।

Leave a Comment