बिना अनुमति विद्यालय में वीडियो बनाने पर होगी प्राथमिकी, शिक्षक संघ ने लिया बड़ा निर्णय

बिना अनुमति विद्यालय में वीडियो बनाने पर होगी प्राथमिकी, शिक्षक संघ ने लिया बड़ा निर्णय

कंपोजिट विद्यालय अलीनगर में शनिवार को जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की बैठक आयोजित हुई। ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बिना अनुमति वीडियो बनाने पर जताई नाराजगी

बैठक में विद्यालयों में पहुंचकर बिना अनुमति वीडियो बनाने और शिक्षकों के बयान रिकॉर्ड कर उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल ने कहा कि कुछ लोग खुद को यू-ट्यूबर बताकर विद्यालयों में पहुंचते हैं और शिक्षकों से वीडियो या बयान लेने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से शिक्षकों और विभाग की छवि प्रभावित हो सकती है। यदि कोई व्यक्ति जबरन वीडियो बनाने या शिक्षक का बयान रिकॉर्ड करने का प्रयास करता है, तो ऐसी स्थिति में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शिक्षकों से भी ऐसे मामलों में सतर्क रहने की अपील की।

चयन और प्रोन्नत वेतनमान पर दी जानकारी

बैठक में जिला महामंत्री सुनील सिंह यादव ने शिक्षकों के चयन वेतनमान और प्रोन्नत वेतनमान से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी शिक्षक को इस संबंध में कोई समस्या आती है तो वह संगठन को इसकी जानकारी दें। संगठन की ओर से संबंधित समस्या का उचित पोर्टल के माध्यम से निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा।

सदस्यता अभियान और संगठन विस्तार पर चर्चा

वरिष्ठ उपाध्यक्ष मिराज अहमद ने संगठन के विस्तार और सदस्यता अभियान को लेकर चर्चा की। उन्होंने अधिक से अधिक शिक्षकों को संगठन से जोड़ने और शिक्षकों की समस्याओं को उचित स्तर पर उठाने पर जोर दिया।

बैठक में श्रीकांत खरवार, पंकज श्रीवास्तव, रामाज्ञा शर्मा, शिवनारायण दुबे, वीरेंद्र दत्त, परमानंद सिंह, सच्चिदानंद पांडेय, अमरेश तिवारी, अतुल त्रिपाठी, संतोष श्रीवास्तव, सुजीत सिंह यादव और सुबोध कुमार सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। बैठक का संचालन ब्लॉक मंत्री हिमांशु कुमार तिवारी ने किया।

Leave a Comment