प्रधानाध्यापक की पिटाई से छात्र बेहोश और पिता पर ईंट व अग्निशमन सिलेंडर से हमला, गाली गलौज देखें Video
Balrampur : जनपद के गैसड़ी के शिक्षा क्षेत्र गैसड़ी के ग्राम सभा रतनपुर झिंगहा के मजरा करैली स्थित कंपोजिट विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक पर छात्र की बेरहमी से पिटाई करने और अभिभावक पर ईंट व अग्निशमन सिलेंडर से हमला करने का प्रयास करने का आरोप लगा है।
video देखे
https://www.facebook.com/share/v/1Bc6CMzs27/
मामले में छात्र के पिता ने थाना कोतवाली जरवा में तहरीर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत जिलाधिकारी और बीएसए से भी की गई है।
करैली निवासी अजय कुमार का आरोप है कि उनका बेटा पवन कुमार कक्षा पांच का छात्र है। तहरीर के अनुसार 21 सितंबर को कक्षा खाली होने के कारण बच्चे शोर कर रहे थे। इसी दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक शिलेन्द्र पाल सिंह कक्षा में पहुंचे और उनके बेटे को डंडे से पीटा, जिससे वह बेहोश हो गया। आरोप है कि इसके बाद बच्चों को कमरे से बाहर निकालकर कमरे में ताला लगा दिया गया। लंच के समय कमरा खुलने पर बच्चा बदहवास हालत में घर पहुंचा।
Video देखे 👇👇👇
https://www.facebook.com/share/v/1HhUautAb1/
अजय कुमार के मुताबिक घटना की जानकारी लेने जब वह विद्यालय पहुंचे तो प्रधानाध्यापक ने उनके साथ गाली-गलौज की और ईंट लेकर मारने के लिए दौड़े। आरोप है कि वीडियो बनाने पर जान से मारने की धमकी दी गई और रसोई से अग्निशमन सिलेंडर लेकर हमला करने का प्रयास किया गया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
तहरीर में छात्राओं से अनुचित व्यवहार करने और विरोध करने पर फेल करने तथा टीसी-मार्कशीट में गलत टिप्पणी लिखने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने कुछ विद्यार्थियों के नाम कटवाकर टीसी लेने का भी उल्लेख किया है।
खंड शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि प्रकरण की जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। वहीं थानाध्यक्ष जरवा योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। प्रकरण की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
