स्कूल के MDM में तीसरी बार कीड़ा मिलने की शिकायत, जांच के बाद विभाग सख्त
कुशीनगर। दुदही विकासखंड के खिरिया स्थित संविलयन विद्यालय में मध्याह्न भोजन (MDM) की सब्जी में कीड़ा मिलने की शिकायत के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। जांच में सामने आई गड़बड़ियों के आधार पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक और कार्यवाहक प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी किया है। वहीं रसोइयों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विद्यालय प्रबंध समिति को संस्तुति प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
बीएसए ने विद्यालय पहुंचकर की जांच
घटना के एक दिन बाद मंगलवार को बीएसए डॉ. अनिल कुमार सिंह ने विद्यालय पहुंचकर एमडीएम और शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के रखरखाव समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। बच्चों से बातचीत कर घटना के संबंध में भी जानकारी जुटाई गई।
मामले की विस्तृत जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई थी। इसमें एमडीएम प्रभारी जितेंद्र गौतम, बीईओ दुदही रीता गुप्ता और बीईओ तमकुही सुधीर कुमार शामिल थे। टीम ने विद्यालय पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता और एमडीएम से जुड़ी व्यवस्थाओं की जांच की।
जांच रिपोर्ट में सामने आईं कई बातें
जांच पूरी होने के बाद टीम ने अपनी रिपोर्ट बीएसए को सौंप दी। रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को बच्चों को परोसे गए एमडीएम की सब्जी में कीड़ा मिलने की शिकायत सामने आई थी। इसके बाद बच्चों ने भोजन करने से इनकार कर दिया था। इससे विद्यालय में कुछ समय के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई थी।
जांच के दौरान यह शिकायत भी सामने आई कि स्थानीय स्तर पर करीब एक वर्ष के भीतर एमडीएम में कीड़ा मिलने की यह तीसरी घटना है। हालांकि, इस संबंध में विभागीय जांच रिपोर्ट में दर्ज तथ्यों के आधार पर ही कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
विद्यालय में कुल 116 बच्चे नामांकित बताए गए हैं, लेकिन जांच के दौरान मंगलवार को केवल 57 बच्चे ही उपस्थित मिले।
प्रधानाध्यापक और कार्यवाहक प्रधानाध्यापक को नोटिस
जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए डॉ. अनिल कुमार सिंह ने प्रधानाध्यापक और कार्यवाहक प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी किया है। विभाग की ओर से उनसे मामले के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
वहीं रसोइयों के संबंध में कार्रवाई के लिए विद्यालय प्रबंध समिति को निर्देश दिया गया है। समिति से आवश्यक संस्तुति प्रस्तुत करने को कहा गया है। अब जांच रिपोर्ट और संबंधित पक्षों के स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
