सरकारी स्कूल के हेडमास्टर और पत्नी की हत्या, घर में खून से लथपथ मिले शव

सरकारी स्कूल के हेडमास्टर और पत्नी की हत्या, घर में खून से लथपथ मिले शव

सुलतानपुर। कादीपुर के कुंभी डडिया गांव में सोमवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने 48 वर्षीय प्रधानाध्यापक मुकेश सिंह और उनकी 45 वर्षीय पत्नी विनीता सिंह की हत्या कर दी। दोनों के शव निजी विद्यालय परिसर स्थित उनके आवास में खून से लथपथ हालत में मिले। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

मुकेश सिंह कंपोजिट विद्यालय खनुहट में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। इसके साथ ही वह मोतिगरपुर प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष भी थे। उनकी पत्नी विनीता सिंह गांव में एक निजी विद्यालय का संचालन करती थीं। दोनों निजी विद्यालय परिसर में बने आवास में ही रहते थे।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और अपर पुलिस अधीक्षक वृज नारायण सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुबह पुलिस को दो लोगों के शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में दोनों की गला रेतकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है।

मौके से पुलिस को एक कुल्हाड़ी भी मिली है, जिस पर खून लगा हुआ था। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या पहले विनीता सिंह की हत्या की गई और इसके बाद जान बचाकर भाग रहे मुकेश सिंह पर हमला किया गया। दोनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी।

स्कूल परिसर में विनीता सिंह का शव उनके कमरे के पास मिला, जबकि मुकेश सिंह का शव करीब 150 मीटर दूर पड़ा था। दोनों के सिर, चेहरे, पीठ और गले पर गहरे घाव मिले हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से घटना की जांच कर रही है। एसपी के अनुसार रंजिश समेत अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन की जा रही है।

शिक्षक संघ का चुनाव लड़ रहे थे मुकेश

मुकेश सिंह स्थानीय स्तर पर शिक्षकों की गतिविधियों में सक्रिय थे और शिक्षक संघ का चुनाव लड़ रहे थे। 28 सितंबर को मतदान होना था, लेकिन चुनाव टल गया था। वहीं उनकी पत्नी विनीता सिंह भी जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ चुकी थीं। इस चुनाव में उन्हें तीसरा स्थान मिला था। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल चुनाव को हत्या से जोड़कर कोई कारण स्पष्ट नहीं किया है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Comment