SIR में छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने घर-घर जाएंगे BLO, यूपी में विशेष अभियान शुरू
छूटे लोगों को भरना होगा फॉर्म-6, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मिलेगा मौका
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मतदाता सूची में छूटे लोगों के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर ऐसे मतदाताओं का सत्यापन करेंगे, जिनका नाम वर्तमान मतदाता सूची में शामिल नहीं है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
छूटे मतदाताओं की होगी पहचान
अभियान के दौरान BLO घर-घर जाकर छूटे हुए मतदाताओं की मौजूदा स्थिति का सत्यापन करेंगे। पात्र पाए जाने पर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाएगा।
वर्तमान मतदाता सूची में जिन लोगों का नाम शामिल नहीं है, वे भी अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
पुराने और वर्तमान मतदाता सूची का होगा मिलान
आयोग के मुताबिक जिन लोगों का नाम अभी तक मतदाता सूची में नहीं जुड़ा है या किसी कारण से हट गया है, वे पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके लिए बीएलओ पहले की मतदाता सूची (7 जनवरी 2025 को प्रकाशित) और वर्तमान मतदाता सूची का मिलान करेंगे। इसके आधार पर ऐसे मतदाताओं की सूची तैयार की जाएगी, जिनके नाम पहले की सूची में थे लेकिन वर्तमान सूची में नहीं हैं। इसके बाद BLO इन मतदाताओं के घर जाकर उनका सत्यापन करेंगे।
फॉर्म-6 से जुड़ेगा नाम
यदि सत्यापन के दौरान व्यक्ति मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए पात्र पाया जाता है, तो उसे फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कराया जाएगा। इससे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का अवसर मिलेगा।
मतदाताओं के लिए जरूरी: यदि आपका या आपके परिवार के किसी पात्र सदस्य का नाम वर्तमान मतदाता सूची में नहीं है, तो BLO से संपर्क कर फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

