इन कर्मचारियों की जनगणना में नहीं लगाई जाएगी ड्यूटी, यूपी सरकार ने दी बड़ी राहत
यूपी सरकार ने तीन माह में सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों को जनगणना ड्यूटी से राहत दे दी है। ऐसे कर्मचारियों की जनगणना में ड्यूटी नहीं लगाए जाने को लेकर कार्यक्रम कार्यान्वयन विभाग के संयुक्त सचिव कृपा शंकर यादव की ओर से सभी विभागों को निर्देश भेज दिया गया है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि जनगणना-2027 के दूसरे चरण के अंतर्गत निकटतम तीन माह के अंदर सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों को दूसरे चरण के जनगणना कार्यों से मुक्त रखा जाएगा। दूसरे चरण के जनगणना का काम अप्रशिक्षित कार्मिकों से नहीं कराया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद किसी भी कार्मिक को विशेष परिस्थितियों को छोड़कर जनगणना के काम से छूट नहीं दी जाएगी। छावनी परिषद के अतिरिक्त किसी भी अन्य इकाई को स्पेशल नहीं बताया जाएगा।
जनगणना संचालन एवं नागरिक पंजीकरण का काम दूसरे चरण में किया जाएगा। इसके लिए जिला स्तर पर कार्मिकों की सूची तैयार करते हुए उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। बड़े गणना ब्लाकों का विभाजन किया जाएगा, जिससे आसानी से जनगणना का काम किया जा सके। जिलों को निर्देश दिया गया है कि दूसरे चरण के लिए प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कार्मिकों की सूची तैयार कर ली जाए। जनगणना कार्य के लिए जिला स्तर पर मुख्य विकास अधिकारी को अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी नामित किया जाएगा। सभी मुख्य विकास अधिकारियों द्वारा जनगणना-2027 के दूसरे चरण में प्रमुखत: स्व. गणना, कार्मिकों की उपलब्धता व प्रचार-प्रसार संबंधी काम किया जाएगा।
जनगणना के लिए ट्रेनर तैयार, अब संभालेंगे कमान
जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों के तहत प्रयागराज में फील्ड ट्रेनरों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण शम्भूनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, झलवा में पूरा हो गया। प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर अब अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना की प्रक्रिया और डिजिटल तरीके से आंकड़े जुटाने का प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों ने फील्ड ट्रेनरों को जनगणना प्रक्रिया, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी, प्रपत्रों के संधारण तथा डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन और प्रविष्टि की जानकारी दी।
चार जनवरी तक होगी जनसंख्या की गणना
प्रशिक्षण के बाद देवप्रयाग कॉलोनी में फील्ड अभ्यास कराया गया। इसमें प्रशिक्षुओं ने वास्तविक क्षेत्रीय परिस्थितियों में जनगणना कार्य, प्रगणना और डिजिटल माध्यम से आंकड़े दर्ज करने का अभ्यास किया। जनगणना के दूसरे चरण में स्व-गणना का कार्य 16 से 30 नवंबर तक होगा। इसके बाद इस वर्ष एक दिसंबर से अगले वर्ष चार जनवरी तक जनसंख्या की गणना कराई जाएगी। पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण कार्य होगा। प्रशिक्षण प्राप्त फील्ड ट्रेनर आगे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे।

