8th Pay Commission: कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए क्या हैं ToR, सिफारिशें कब तक
8वें केंद्रीय वेतन आयोग के फैसलों का फायदा 1 करोड़ से ज्यादा लोगों को मिलने की उम्मीद है। इनमें करीब 50 लाख केंद्रीय सरकारी कर्मचारी, लगभग 65 लाख पेंशनर, और रक्षा तथा रेलवे के कर्मचारी और रिटायर्ड कर्मी शामिल हैं। यही वजह है कि 8वें वेतन आयोग की हर बैठक और हर सिफारिश पर देशभर के कर्मचारियों और पेंशनरों की नजर है।
क्या है टर्म्स ऑफ रेफरेंस
8वें वेतन आयोग का टर्म्स ऑफ रेफरेंस यानी ToR तय करता है कि आयोग को किन मुद्दों पर काम करना है और किन बातों को ध्यान में रखकर सिफारिशें देनी हैं। पिछले साल केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस ToR को मंजूरी दी थी। इसमें आयोग के काम का दायरा और उन क्षेत्रों को साफ किया गया है, जिन पर उसे अपनी राय देनी है।
सिफारिशें बनाते समय किन बातों का रखेगा ध्यान
आयोग को अपनी सिफारिशें तैयार करते समय देश की आर्थिक स्थिति और राजकोषीय अनुशासन का ध्यान रखना होगा। यह भी देखना होगा कि विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पर्याप्त पैसा बचा रहे।
साथ ही, गैर-अंशदायी पेंशन योजनाओं पर पड़ने वाले बिना फंड वाले बोझ, राज्य सरकारों की वित्तीय सेहत पर पड़ने वाले असर, और केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों तथा निजी क्षेत्र में मिलने वाले वेतन-भत्ते और काम की स्थितियों को भी ध्यान में रखना होगा। राज्य सरकारें आमतौर पर इन सिफारिशों को थोड़े बदलाव के साथ अपनाती हैं, इसलिए उनके वित्त पर पड़ने वाले असर को भी आयोग को समझना है।
वेतन, भत्ते और सुविधाओं पर क्या देखेगा आयोग
आयोग वेतन, भत्ते, नकद या किसी और रूप में मिलने वाली सुविधाओं और लाभों में जरूरी और संभव बदलावों की सिफारिश करेगा। इसमें सैलरी स्ट्रक्चर, पे मैट्रिक्स, महंगाई भत्ता, महंगाई राहत, एचआरए, इंक्रीमेंट और प्रमोशन जैसी चीजें शामिल हो सकती हैं। आयोग यह भी देखेगा कि आज की कामकाजी जरूरतों तथा खास जरूरतों को कैसे ध्यान में रखा जाए।
भर्ती, प्रदर्शन और बोनस पर फोकस
आयोग ऐसा सैलरी डीए स्ट्रक्चर बनाने पर काम करेगा जिससे सरकारी सेवा में अच्छे टैलेंट आकर्षित हों। साथ ही कामकाज में दक्षता, जवाबदेही और जिम्मेदारी बढ़े। आयोग मौजूदा बोनस योजनाओं को भी देखेगा, ताकि परफॉर्मेंस और प्रोडक्टिविटी बेहतर हो।
यह सिफारिश भी करेगा कि प्रदर्शन और उत्पादकता से जुड़ी प्रोत्साहन योजना किन सिद्धांतों, वित्तीय मानकों और पैमानों पर बने। साथ ही मौजूदा भत्तों की समीक्षा करके उनकी संख्या घटाने और उन्हें तर्कसंगत बनाने पर सलाह देगा।
पेंशनरों के लिए क्या प्रावधान
पेंशनरों के मामले में आयोग नेशनल पेंशन सिस्टम यानी NPS और उसमें शामिल यूनिफाइड पेंशन स्कीम यानी UPS वाले कर्मचारियों की डेथ-कम-रिटायरमेंट ग्रैच्युटी की समीक्षा करेगा। इसके अलावा जो कर्मचारी NPS में नहीं हैं, उनकी डेथ-कम-रिटायरमेंट ग्रैच्युटी और पेंशन पर भी सिफारिशें देगा। इसमें UPS वाले कर्मचारी भी शामिल होंगे। यानी पेंशन और ग्रैच्युटी से जुड़े नियमों पर आयोग अलग-अलग श्रेणियों के हिसाब से राय देगा।
आयोग की बनावट और समयसीमा
8वां केंद्रीय वेतन आयोग एक अस्थायी निकाय है। इसमें एक चेयरमैन, एक अंशकालिक सदस्य और एक सदस्य-सचिव हैं। आयोग को अपना गठन होने के 18 महीने के भीतर अपनी सिफारिशें सौंपनी हैं। अगर जरूरत पड़े तो यह अंतरिम रिपोर्ट भी दे सकता है। पूरी रिपोर्ट आने से पहले भी कुछ अहम फैसलों का ऐलान हो सकता है।
कौन हैं आयोग के प्रमुख लोग
आयोग की अध्यक्षता पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं। सदस्य-सचिव पंकज जैन हैं, जो पूर्व IAS अधिकारी हैं। आयोग में सदस्य के तौर पर प्रोफेसर पुलक घोष भी शामिल हैं। वह फाइनेंस के प्रोफेसर हैं और प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य भी हैं। इन तीनों की भूमिका आयोग की रिपोर्ट और सिफारिशों को अंतिम रूप देने में अहम मानी जा रही है।
8वें वेतन आयोग की सिफारिशें कब तक आएंगी
आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को हुआ माना जा रहा है। 18 महीने की समयसीमा के हिसाब से अधिकारिक सिफारिशें फरवरी या अप्रैल 2027 तक आ सकती हैं। रिपोर्ट सौंपने की अंतिम तारीख मई 2027 मानी जा रही है। यानी 2027 से पहले आधिकारिक ऐलान की उम्मीद कम है। अगर सब कुछ तय समय पर चला, तो 2027 की शुरुआत से मध्य तक कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़े ऐलान मिल सकते हैं।
8वां वेतन आयोग लागू होने में लग सकता है और समय
पिछले ट्रेंड्स देखें तो वेतन आयोग की सिफारिशें आने के बाद उन्हें लागू करने में 2 से 3 साल लग जाते हैं। इस लिहाज से 2027 में घोषित होने वाली बढ़ोतरी पूरी तरह 2029 या 2030 तक लागू हो सकती है। इसका मतलब है कि कर्मचारियों और पेंशनरों को अंतिम रूप से पैसा मिलने में अभी इंतजार करना पड़ सकता है। फिलहाल आयोग परामर्श चरण में है, इसलिए आने वाले महीनों में कर्मचारी संगठनों और पेंशनर संगठनों के सुझावों पर खास नजर रहेगी
