Inflation News: दूध-चीनी के बाद प्याज ने रुलाया, 62 रुपये पहुंचा रेट; पेट्रोल-डीजल और LPG भी महंगे
Inflation News: महंगाई ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। दूध, चीनी और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बाद अब प्याज के दाम भी लोगों को परेशान कर रहे हैं। कंज्यूमर अफेयर्स की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार 31 अगस्त को दिल्ली में प्याज का खुदरा भाव 62 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया। एक साल पहले प्याज की कीमत करीब 33 रुपये प्रति किलोग्राम थी। यानी सालभर में प्याज के दाम में लगभग दोगुना बढ़ोतरी देखने को मिली है, पिछले महीने देश की विभिन्न मंडियों में प्याज का औसत भाव करीब 35 रुपये प्रति किलोग्राम था। लेकिन अब खुदरा बाजार में कीमत तेजी से बढ़ने से घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। खासकर त्योहारों के मौसम में खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों की चिंता बढ़ा दी है।
दूध का दाम 9 रुपये प्रति लीटर बढ़ा
मुंबई में दूध की कीमतों में भी बढ़ोतरी होने जा रही है। जानकारी के अनुसार दूध के रेट में 9 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है। वर्तमान में होलसेल मार्केट में दूध करीब 93 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जो 1 सितंबर से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच जाएगा बताया गया है कि हरा चारा, चूनी और पशुपालन से जुड़े अन्य खर्चों में वृद्धि के कारण दूध की कीमत बढ़ाने का फैसला किया गया है। दूध की कीमत बढ़ने का असर चाय, मिठाई और अन्य डेयरी उत्पादों पर भी पड़ सकता है।
चीनी ने भी बिगाड़ा त्योहारों का जायका
त्योहारों के सीजन में चीनी की बढ़ती कीमतें भी उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। दिल्ली में चीनी का भाव करीब 62 रुपये प्रति किलोग्राम बताया जा रहा है, जबकि एक साल पहले इसका रेट लगभग 45 रुपये प्रति किलोग्राम था चीनी की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने घरेलू बाजार में आपूर्ति बढ़ाने के उद्देश्य से ड्यूटी फ्री शुगर इम्पोर्ट को मंजूरी दी है। हालांकि, बाजार में इसका असर आने वाले समय में देखने को मिलेगा।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का असर
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर परिवहन और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है। युद्ध और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण ईंधन की कीमतों में भी इजाफा देखने को मिला है मई में कई चरणों में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने के बाद घरेलू बाजार में कीमतें करीब 7.5 रुपये प्रति लीटर तक महंगी होने की बात कही गई है। ईंधन महंगा होने से माल ढुलाई की लागत बढ़ती है, जिसका असर सब्जियों और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
घरेलू LPG सिलेंडर भी हुआ महंगा
एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में भी इस साल तेजी देखने को मिली है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर का दाम इस साल करीब 79 रुपये बढ़ा है। पिछले साल 8 अप्रैल को दिल्ली में घरेलू सिलेंडर की कीमत 853 रुपये थी, जो अब बढ़कर 942 रुपये तक पहुंचने की बात कही गई है।
कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में भी बड़ा बदलाव
कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में भी भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 1 दिसंबर 2025 को दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर का रेट 1580.50 रुपये था। बाद में कीमतों में बदलाव के बाद इसका दाम करीब 2738 रुपये के स्तर तक पहुंचने की बात सामने आई है।
आम आदमी की बढ़ी चिंता
प्याज, दूध, चीनी, पेट्रोल-डीजल और LPG जैसी रोजमर्रा की जरूरी चीजों की कीमतों में बढ़ोतरी से आम आदमी का मासिक बजट प्रभावित हो रहा है। त्योहारों के मौसम में बढ़ती महंगाई ने परिवारों की चिंता और बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में सरकार के राहत उपायों और बाजार में आपूर्ति की स्थिति पर लोगों की नजर रहेगी।
