सोना खरीदने से बचें, नई रील में पीएम मोदी ने फिर की अपील; 7.8% GDP ग्रोथ पर देशवासियों को दी बधाई

सोना खरीदने से बचें, नई रील में पीएम मोदी ने फिर की अपील; 7.8% GDP ग्रोथ पर देशवासियों को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक नई रील साझा करते हुए देश की 7.8 प्रतिशत विकास दर पर देशवासियों को बधाई दी है। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने भारत की आर्थिक प्रगति, आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी उत्पादों के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि जहां तक संभव हो, विदेशी चीजों और अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचें तथा जरूरत न होने पर सोना खरीदने पर भी विचार करें।

7.8% GDP ग्रोथ पर पीएम मोदी ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देशवासियों की संकल्प शक्ति और मेहनत के कारण भारत ने चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई हिस्से युद्ध और संकटों से जूझ रहे हैं और वैश्विक सप्लाई चेन भी प्रभावित रही है।

पीएम मोदी के अनुसार, कोविड काल के बाद से दुनिया में लगातार अस्थिर परिस्थितियां बनी हुई हैं, लेकिन इन चुनौतियों के बावजूद भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए देशवासियों को बधाई दी।

विपक्ष पर भी साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में विपक्षी दलों और आलोचकों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के भीतर कुछ लोग लगातार निराशा का माहौल बनाने और झूठ फैलाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश करते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि इन सभी परिस्थितियों को पार करते हुए भारत ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है और अब इस गति को बनाए रखना जरूरी है। इसके लिए उन्होंने आत्मनिर्भर भारत को महत्वपूर्ण बताया।

जरूरत न हो तो सोना न खरीदने की अपील क्यों?

प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से स्वदेशी अपनाने और वोकल फॉर लोकल के मंत्र को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचना चाहिए और विदेशों में शादी जैसे आयोजनों को लेकर भी लोगों को देश के भीतर विकल्पों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

इसी दौरान उन्होंने कहा कि अगर जरूरत न हो तो सोना खरीदने से भी बचना चाहिए। उनका संदेश आत्मनिर्भरता और घरेलू अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की व्यापक अपील के रूप में देखा जा रहा है।प्रधानमंत्री ने कहा कि देश जितना अधिक स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर जोर देगा, उतनी ही तेजी से भारत आर्थिक रूप से मजबूत बनेगा।

विकसित भारत के लक्ष्य पर जोर

पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि अगर देश इसी तरह मेहनत और संकल्प के साथ आगे बढ़ता रहा तो आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत युवा पीढ़ी को एक विकसित भारत सौंपने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल कर सकता है।

उन्होंने कहा कि देशवासियों को अपने पुरुषार्थ में कोई कमी नहीं रखनी चाहिए। प्रधानमंत्री के अनुसार, सही नीति, साफ नीयत और 140 करोड़ देशवासियों की शक्ति भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है।

सोशल मीडिया के जरिए जनता से संवाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल के वर्षों में जनता तक अपनी बात पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, खासकर इंस्टाग्राम का भी लगातार इस्तेमाल कर रहे हैं। रील और वीडियो संदेशों के माध्यम से वह युवाओं और आम लोगों तक सीधे पहुंचने का प्रयास करते हैं।नई रील में भी प्रधानमंत्री ने आर्थिक विकास, स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर देशवासियों से संकल्प लेने की अपील की है।

Leave a Comment