विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक का कार्यक्रम जारी, 12 अक्टूबर से शुरू होंगी मंडलवार बैठकें
लखनऊ। समग्र शिक्षा एवं बेसिक शिक्षा के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए मंडलवार समीक्षा बैठकों का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार समीक्षा बैठकें 12 अक्टूबर 2026 से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी।
बैठकों की अध्यक्षता महानिदेशक, स्कूल शिक्षा द्वारा की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित तिथि पर पूरी तैयारी के साथ बैठक में प्रतिभाग करने के निर्देश दिए गए हैं।
किस मंडल की बैठक कब होगी?
दिनांक मंडल संबंधित जनपद
12 अक्टूबर 2026 आगरा एवं आजमगढ़ आगरा, मैनपुरी, मथुरा, फिरोजाबाद, आजमगढ़, बलिया, बहराइच, मऊ
15 अक्टूबर 2026 अलीगढ़ एवं अयोध्या अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, अयोध्या, सुल्तानपुर, अमेठी, बाराबंकी, अम्बेडकर नगर
19 अक्टूबर 2026 बरेली एवं बस्ती बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर
26 अक्टूबर 2026 चित्रकूट एवं मुरादाबाद हमीरपुर, चित्रकूट, बांदा, महोबा, मुरादाबाद, सम्भल, रामपुर, बिजनौर, अमरोहा
29 अक्टूबर 2026 मेरठ एवं गोरखपुर मेरठ, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बागपत, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज
2 नवंबर 2026 सहारनपुर एवं मिर्जापुर सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मिर्जापुर, महोबा, सोनभद्र
5 नवंबर 2026 कानपुर एवं झांसी कानपुर नगर, कानपुर देहात, फर्रुखाबाद, इटावा, औरैया, कन्नौज, झांसी, जालौन, ललितपुर
12 नवंबर 2026 देवीपाटन एवं प्रयागराज गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, प्रयागराज, प्रतापगढ़, फतेहपुर, कौशाम्बी
16 नवंबर 2026 लखनऊ एवं वाराणसी लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली
इन योजनाओं की होगी समीक्षा
जारी एजेंडा के अनुसार बैठक में निर्माण कार्य, सामुदायिक सहभागिता, पूर्व प्राथमिक शिक्षा, गुणवत्ता शिक्षा, समेकित शिक्षा, बालिका शिक्षा, एमआईएस, वित्तीय प्रगति, पीएम श्री योजना, आरटीई, अधिगम, साक्षरता और अन्य विभागीय योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की जाएगी।
निर्माण कार्यों के अंतर्गत जर्जर विद्यालय भवनों एवं कक्षों का चिन्हांकन, यू-डायस पर अपडेट, ध्वस्तीकरण, कंपोजिट ग्रांट, सीएमओ मॉडल कंपोजिट विद्यालयों की प्रगति, विद्यालयों में लैब एवं अन्य सुविधाओं की स्थिति तथा निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति पर चर्चा होगी।
सामुदायिक सहभागिता के तहत DBT से संबंधित बच्चों के सत्यापन, पाठ्य पुस्तकों के भुगतान, नवीन नामांकन, ट्रांजिशन तथा यू-डायस/समग्र शिक्षा से जुड़े वित्तीय व्यय की समीक्षा की जाएगी।
डिजिटल कार्यों पर भी रहेगा फोकस
बैठक के एजेंडे में डिजिटल शिक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदु शामिल हैं। इनमें APAR ID, टैबलेट, Digital Student Attendance, यू-डायस+ पोर्टल, शिक्षक प्रोफाइल अपडेट, भौतिक सुविधाओं का अपडेट, स्मार्ट क्लास, ICT लैब और डिजिटल लाइब्रेरी की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
इसके अलावा Zero Enrollment वाले विद्यालयों की स्थिति और टैबलेट की क्रियाशीलता व SIM payment की भी समीक्षा होगी।
शिक्षकों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे भी एजेंडे में
बैठक में विशेष एजुकेटर्स के मानदेय भुगतान, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के चयन, कर्मियों के मानदेय, छात्रों एवं स्टाफ की उपस्थिति सहित कई विषयों की समीक्षा प्रस्तावित है।
साथ ही मानव संसाधन से जुड़े पदों पर चयन की स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी।
वित्तीय मामलों की होगी विस्तृत समीक्षा
वित्त अनुभाग में आंतरिक एवं वैधानिक ऑडिट के अनुपालन, PFMS एवं प्रबंध पोर्टल पर यूनिफाइड मदवार व्यय, SNA स्पर्श पर अनिवार्य प्रक्रिया एवं बिलों की स्थिति तथा एसएमसी/अन्य योजनाओं के वित्तीय अनुपालन की समीक्षा की जाएगी।
दस्तावेज में एक वित्तीय पुनर्विनियोजन से जुड़ा विषय भी शामिल है। संबंधित मद में ₹1,97,200 की धनराशि का उल्लेख किया गया है।
अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ पहुंचने के निर्देश
पत्र में संबंधित जनपदों के वित्त एवं लेखाधिकारी/सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी तथा खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्धारित एजेंडा बिंदुओं पर सूचनाओं की बुकलेट तैयार करने और पूरी तैयारी के साथ समीक्षा बैठक में स्वयं प्रतिभाग करने के निर्देश दिए गए हैं इस समीक्षा बैठक को देखते हुए संबंधित जिलों में विभागीय योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों, वित्तीय व्यय और पोर्टल अपडेट से जुड़े रिकॉर्ड को दुरुस्त करने की कवायद तेज होने की संभावना है।

