DA बढ़कर 63% हुआ, लेवल 1 से 10 तक केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी में कितना इजाफा?
DA Hike Salary Calculation 2026: केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद यह 60% से बढ़कर 63% हो गया है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर कर्मचारियों की मासिक सैलरी पर पड़ेगा। खास बात यह है कि लेवल 1 से लेवल 10 तक के कर्मचारियों की बेसिक सैलरी के हिसाब से हर महीने मिलने वाली अतिरिक्त रकम अलग-अलग होगी। वहीं, पेंशनभोगियों को भी महंगाई राहत (DR) बढ़ने का लाभ मिलेगा। बता दें कि 63% DA जुलाई से दिसंबर 2026 की अवधि के लिए लागू होगा। ऐसे में कर्मचारियों को जुलाई से लागू बढ़ोतरी का बकाया एरियर भी मिल सकता है। ऐसे में आइए पूरी कैलकुलेशन से समझते हैं कि 63% DA होने पर लेवल 1 से 10 तक के केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी हर महीने कितनी बढ़ेगी और उनकी बेसिक पे के हिसाब से कितना अतिरिक्त पैसा मिलेगा।
लेवल 1 से 10 तक कितनी बढ़ेगी हर महीने की सैलरी?
DA में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी का मतलब यह नहीं है कि हर कर्मचारी की सैलरी में एक जैसी रकम बढ़ेगी। इसकी गणना कर्मचारी की बेसिक सैलरी के आधार पर होती है। बेसिक पे जितनी ज्यादा होगी, हर महीने DA के रूप में मिलने वाली अतिरिक्त रकम भी उतनी ही ज्यादा होगी।
उदाहरण के लिए, लेवल 1 के कर्मचारी की न्यूनतम बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है। पहले 60% DA के हिसाब से उसे हर महीने 10,800 रुपये महंगाई भत्ता मिलता था। अब 63% DA के हिसाब से यह रकम बढ़कर 11,340 रुपये हो जाएगी। यानी लेवल 1 के कर्मचारी को हर महीने 540 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।
इसी तरह लेवल 2 के कर्मचारी को 597 रुपये, लेवल 3 को 651 रुपये और लेवल 4 के कर्मचारी को हर महीने 765 रुपये अतिरिक्त DA मिलेगा। वहीं, लेवल 5 के कर्मचारियों के लिए यह बढ़ोतरी 876 रुपये और लेवल 6 के कर्मचारियों के लिए 1,062 रुपये प्रति माह होगी।
अगर लेवल 7 से लेवल 10 तक की बात करें, तो लेवल 7 के कर्मचारी को हर महीने 1,347 रुपये, लेवल 8 को 1,428 रुपये, लेवल 9 को 1,593 रुपये और लेवल 10 के कर्मचारी को 1,683 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। ये आंकड़े संबंधित पे लेवल की न्यूनतम बेसिक सैलरी के आधार पर निकाले गए हैं।
DA बढ़ने के बाद कितनी होगी कुल सैलरी?
कर्मचारियों को मिलने वाली कुल सैलरी में DA के अलावा बेसिक पे, HRA और अन्य भत्ते भी शामिल हो सकते हैं। इसलिए यहां बताई गई रकम केवल DA में होने वाली मासिक बढ़ोतरी है, पूरी इन-हैंड सैलरी में होने वाला बदलाव नहीं। वास्तविक सैलरी में अंतर कर्मचारी की बेसिक पे, पोस्टिंग की जगह और अन्य लागू भत्तों व कटौतियों के आधार पर हो सकता है।
कुल मिलाकर, DA के 60% से बढ़कर 63% होने पर लेवल 1 से लेवल 10 तक के कर्मचारियों को उनकी न्यूनतम बेसिक सैलरी के हिसाब से हर महीने 540 रुपये से लेकर 1,683 रुपये तक अतिरिक्त महंगाई भत्ता मिल सकता है। इसके अलावा, लागू नियमों के अनुसार कर्मचारियों को पिछली अवधि का एरियर भी मिल सकता है।
AICPI-IW के आधार पर तय होता है DA
केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता तय करने में औद्योगिक श्रमिकों के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (AICPI-IW) की अहम भूमिका होती है। जुलाई 2025 से जून 2026 तक के 12 महीनों के इंडेक्स का औसत 148.65 रहा। दिए गए आंकड़ों के आधार पर DA की गणना 63.76% हुई, जिसे 63% माना गया है।
