इश्क वाला सरप्राइज: प्रेमिका ने मांगे समोसे तो आधी रात को लेकर पहुंचा किशोर, चोर समझकर ग्रामीणों ने पीटा

इश्क वाला सरप्राइज: प्रेमिका ने मांगे समोसे तो आधी रात को लेकर पहुंचा किशोर, चोर समझकर ग्रामीणों ने पीटा

औंग। मोहब्बत में लोग अक्सर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन औंग क्षेत्र में एक किशोर अपनी दोस्त की छोटी सी फरमाइश पूरी करने के चक्कर में आधी रात को मुसीबत में फंस गया। किशोरी ने समोसे खाने की इच्छा जताई तो किशोर देर रात अपने तीन दोस्तों के साथ समोसे लेकर उसके गांव पहुंच गया। किशोरी ने दरवाजा खोलकर चारों को अंदर बुला लिया, लेकिन तभी उसकी मां की नींद खुल गई। घर में चार अजनबी किशोरों को देखकर मां ने शोर मचाते हुए उन्हें चोर समझ लिया।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने चारों किशोरों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरों को अपने कब्जे में लिया। पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल सभी लोग नाबालिग हैं। दोनों पक्षों को थाने बुलाकर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी करीब चार महीने पहले अपनी बुआ के यहां हरचंदपुर गांव में एक शादी समारोह में गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात पड़ोसी गांव के हमउम्र किशोर से हुई। दोनों के बीच दोस्ती हो गई। परिवार के डर से दोनों फोन पर बातचीत करने लगे। शनिवार शाम किशोरी ने फोन पर समोसे खाने की इच्छा जताई। किशोर ने उसकी फरमाइश पूरी करने के लिए औंग कस्बे की प्रसिद्ध दुकान से समोसे खरीदे और रात में अपने तीन दोस्तों के साथ किशोरी के गांव पहुंच गया।

किशोरी ने दरवाजा खोल दिया और चारों किशोर घर के अंदर दाखिल हो गए। इसी दौरान किशोरी की मां की नींद खुल गई। घर के अंदर चार अजनबियों को देखकर वह घबरा गई और उसने चोर-चोर का शोर मचा दिया। आवाज सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हो गए और चारों किशोरों को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मामले की जानकारी होने पर किशोरी के परिजनों को दोनों के बीच चल रही दोस्ती और प्रेम संबंध का पता चला। इसके बाद परिजनों ने किशोरी को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी दिनेश शुक्ला ने बताया कि सभी संबंधित लोग नाबालिग हैं और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment