स्कूल टीचर्स के लिए NCERT का नया डिप्लोमा कोर्स लॉन्च, क्लास 6 से 8वीं शिक्षकों की लगेगी 280 दिन की क्लास

स्कूल टीचर्स के लिए NCERT का नया डिप्लोमा कोर्स लॉन्च, क्लास 6 से 8वीं शिक्षकों की लगेगी 280 दिन की क्लास

NCERT Launches New Diploma Course : नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) स्कूल टीचर्स के लिए नया डिप्लोमा कोर्स शुरू करने जा रहा है। यह कोर्स खासतौर पर उन शिक्षकों के लिए लॉन्च किया जा रहा है, जो क्लास 6 से 8वीं तक के स्टूडेंट्स को साइंस पढ़ाते हैं। यह कोर्स 40 हफ्ते का होगा यानी टीचर्स को 280 दिन की क्लास लेनी होगी। NCERT ने नोटिफिकेशन जारी कर इसकी जानकारी दी है।

स्कूल टीचर्स के लिए शुरू किए जा रहे इस खास कोर्स का नाम ‘Teaching of Science at Middle Stage’ रखा गया है। 2026–27 बैच के लिए रजिस्ट्रेशन 12 अक्टूबर 2026 को शुरू होगा। टीचर्स, एनसीईआरटीकी आधिकारिक वेबसाइट ncertx.in पर NCERTX ऑनलाइन लर्निंग प्लेटफॉर्म के जरिए ऑनलाइन एनरोल हो सकते हैं। आवेदन की आखिरी तारीख 12 नवंबर 2026 है।

क्या है NCERT का ‘टीचिंग ऑफ साइंस इन मिडिल स्टेज’ कोर्स?

यह कोर्स स्पेशली उन टीचर्स के लिए शुरू किया जा रहा है, जो मिडिल स्टेज यानी क्लास 6 से 8वीं तक के बच्चों को साइंस विषय पढ़ाते हैं। इस कोर्स को साइंस विषय की जानकारी और पढ़ाने के स्किल, दोनों को बेहतर बनाने के लिए डिजाइन किया गया है।

16 नवंबर से शुरू होगी क्लास, पढ़ाए जाएंगे 40 मॉड्यूल

यह प्रोग्राम 16 नवंबर को शुरू होगा और संभावित रूप से 31 अगस्त 2027 को खत्म होगा। इसमें 40 मॉड्यूल हैं, और हर सोमवार को एक नया मॉड्यूल जारी किया जाएगा। उम्मीद है कि प्रतिभागी लर्निंग मटीरियल को पूरा करने में हर हफ्ते लगभग छह से आठ घंटे लगाएंगे। NCERT इस प्रोग्राम को एक प्रोफेशनल-डेवलपमेंट कोर्स बताता है जिसमें इंटरैक्टिव, मल्टीमीडिया-आधारित लर्निंग रिसोर्स का इस्तेमाल किया जाता है।

सभी 40 मॉड्यूल में एक ऑब्जेक्टिव टेस्ट शामिल है। जो प्रतिभागी सभी मॉड्यूल पूरे करेंगे और सभी 40 टेस्ट देंगे, वे फाइनल एग्जाम के लिए योग्य होंगे। जो शिक्षक प्रोग्राम पूरा करेंगे, उन्हें NCERT से ‘Teaching of Science at Middle Stage’ नाम का ई-सर्टिफिकेट मिलेगा।

कौन अप्लाई कर सकता है?

यह प्रोग्राम कई तरह के लोगों के लिए खुला है, जिनमें शामिल हैं-

बैचलर ऑफ साइंस (BSc) डिग्री वाले उम्मीदवार

कक्षा 6–8 में साइंस पढ़ाने वाले सेवारत शिक्षक

शिक्षा (एजुकेशन) में डिप्लोमा या डिग्री वाले उम्मीदवार

शिक्षा डिप्लोमा या डिग्री कर रहे प्री-सर्विस शिक्षक (भावी शिक्षक)

कोर्स की फीस कितनी है?

एक बार की एनरोलमेंट फीस 2,000 रुपये है। NCERT का कहना है कि इसके अलावा कोई कोर्स फीस नहीं है। पेमेंट के बाद, उम्मीदवारों को NCERTX से एक इनविटेशन ईमेल मिलेगा जिसमें एनरोलमेंट पूरा करने के निर्देश होंगे।

शिक्षक भर्ती के लिए कोई योग्यता कोर्स नहीं

NCERT ने यह भी साफ किया है कि यह कोर्स सिर्फ एक एकेडमिक या प्रोफेशनल-डेवलपमेंट प्रोग्राम है। यह कोर्स शिक्षक भर्ती के लिए कोई योग्यता नहीं है। इसलिए इसे शिक्षक के तौर पर नियुक्ति के लिए जरूरी किसी दूसरी योग्यता के बराबर नहीं माना जा सकता है।

Leave a Comment