क्लास में अभिभावकों ने शिक्षिका को पीटा, केस दर्ज; बच्चे के हाथों खरगोश की मौत पर टीचर ने लगाई थी फटकार
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एक स्कूल के भीतर शिक्षिका के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक बच्चे के अभिभावक स्कूल पहुंचे और क्लास में पढ़ा रही शिक्षिका की बच्चों के सामने पिटाई कर दी। घटना का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला देल्हूपुर क्षेत्र के नौबस्ता स्थित पार्वती ग्लोबल साइंस स्कूल का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, स्कूल प्रबंधन की ओर से परिसर में एक खरगोश पाला गया था। कुछ दिन पहले खेलते समय एक बच्चे के हाथों कथित तौर पर अनजाने में खरगोश की मौत हो गई थी।
पीड़ित शिक्षिका पलक के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने बच्चे को डांटा और भविष्य में ऐसी गलती न करने की समझाइश दी। शिक्षिका ने बच्चे को जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील रहने की सलाह भी दी थी। बताया जा रहा है कि बच्चे ने घर जाकर अपने माता-पिता को इस बारे में जानकारी दी, जिसके बाद वे शिक्षिका से नाराज हो गए।
आरोप है कि शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे बच्चे की मां सौम्या और पिता अभिषेक स्कूल पहुंचे। उस समय शिक्षिका पलक क्लास में बच्चों को पढ़ा रही थीं। शिकायत के मुताबिक, दोनों ने शिक्षिका के साथ मारपीट शुरू कर दी और उन्हें बच्चों के सामने पीटा। आरोप यह भी है कि मारपीट के दौरान शिक्षिका को बेंच से नीचे गिरा दिया गया।
घटना के दौरान हुई मारपीट का सीसीटीवी फुटेज बाद में इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। शिक्षिका के परिजनों ने इस घटना पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित शिक्षिका के पिता संजय कुमार मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने सौम्या मिश्रा और उनके पति अभिषेक के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत में कहा गया है कि हमले के दौरान शिक्षिका के गले समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। स्कूल प्रबंधन की ओर से इस घटना पर विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। स्कूल के प्रिंसिपल सतीश यादव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
