SIR में नोटिस मिलने पर,अब घर आकर दस्तावेज जुटाएंगे BLO

SIR में नोटिस मिलने पर,अब घर आकर दस्तावेज जुटाएंगे BLO

नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान नोटिस मिलने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें दस्तावेजों के सत्यापन के लिए निर्वाचन आयोग के दफ्तर जाने की जरूरत नहीं होगी। बूथ स्तरीय अधिकारी यानी BLO घर पहुंचकर जरूरी दस्तावेज जुटाएंगे और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करेंगे।

भारत निर्वाचन आयोग (ECI) की शनिवार को हुई बैठक में इस संबंध में फैसला लिया गया। आयोग ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं को SIR के दौरान नोटिस जारी किए गए हैं, उन्हें सुनवाई के लिए निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) या सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (AERO) के कार्यालय में जाने की आवश्यकता नहीं है।

घर पर ही होगी दस्तावेजों की प्रक्रिया

नोटिस मिलने के बाद संबंधित BLO मतदाता के घर जाकर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करेंगे। इसके बाद दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित दस्तावेजों को ECIनेट ऐप पर अपलोड किया जाएगा।

इस फैसले से उन मतदाताओं को काफी सुविधा मिलेगी, जिन्हें SIR के दौरान नोटिस मिला है। उन्हें दस्तावेज लेकर निर्वाचन कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पूरी प्रक्रिया में BLO की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

ERO और AERO कार्यालय जाने की जरूरत नहीं

निर्वाचन आयोग ने साफ किया है कि नोटिस मिलने मात्र से संबंधित व्यक्ति को ERO या AERO के सामने सुनवाई के लिए व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की जरूरत नहीं है। BLO घर जाकर दस्तावेज जुटाने और सत्यापन की प्रक्रिया में सहायता करेंगे।

SIR के दौरान मतदाता सूची में दर्ज नामों और संबंधित विवरणों का सत्यापन किया जा रहा है। ऐसे में आयोग का यह फैसला प्रक्रिया को मतदाताओं के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

Leave a Comment