UP Weather Alert: 27 सितंबर तक बारिश का अलर्ट,स्कूल बंद करने पर भी फैसला CM योगी ने सभी DM को दिए सख्त निर्देश
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों से कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखें। जरूरत पड़ने पर अधिकारी खुद फील्ड में जाकर हालात का जायजा लें और तत्काल आवश्यक कदम उठाएं।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद राहत आयुक्त डा. हृषिकेश भास्कर यशोद ने शुक्रवार को जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की। इस दौरान बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए।
स्कूल-कॉलेज बंद करने पर स्थानीय स्तर पर फैसला
लगातार बारिश और खराब मौसम वाले जिलों में स्कूल-कॉलेजों को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं। जिन क्षेत्रों में मौसम की स्थिति ज्यादा खराब है, वहां स्थानीय परिस्थितियों का आकलन करते हुए स्कूल-कॉलेजों और गैर-जरूरी सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद रखने के संबंध में आवश्यक निर्णय लिया जा सकता है।
इसका मतलब है कि स्कूल बंद करने का फैसला संबंधित जिले की मौसम और स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन द्वारा लिया जा सकता है। अभिभावकों और विद्यार्थियों को अपने जिले के प्रशासन की ओर से जारी होने वाली सूचना पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
कच्चे मकानों और खुले स्थानों को लेकर विशेष सतर्कता
तेज बारिश के साथ आंधी और वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। कच्चे घरों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने और प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाने को कहा गया है।
लोगों से भी अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। तेज आंधी और वज्रपात के दौरान खुले स्थान, पेड़ के नीचे, बाग या पार्क में जाने से बचें। प्रशासन को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कोई व्यक्ति खुले आसमान के नीचे रहने के लिए मजबूर न हो।
इन जिलों में विशेष सतर्कता के निर्देश
राहत आयुक्त ने लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
इन जिलों में स्थानीय प्रशासन को लोगों तक मौसम संबंधी जरूरी सूचनाएं पहुंचाने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम, स्थानीय संचार माध्यमों और अन्य उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल करने को कहा गया है। साथ ही बचाव और राहत कार्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
27 सितंबर तक खराब मौसम की संभावना
मुख्यमंत्री की ओर से बताया गया है कि प्रदेश में 27 सितंबर तक मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए प्रशासन को लगातार निगरानी रखने की जरूरत है। जिलाधिकारियों को स्थानीय परिस्थितियों का स्वयं जायजा लेने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बारिश और खराब मौसम के दौरान आम लोगों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी प्रशासनिक सूचनाओं पर ध्यान देना चाहिए और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलना चाहिए।
