Weather update:- उत्तर प्रदेश के 23 जिलों के लिए भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट जारी
लखनऊ। आने वाले तीन दिनों में यूपी के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवा की चेतावनी है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी पर बने डीप डिप्रेशन यानी गहन अवदाब से गुरुवार को मौसम में बदलाव आया है। इस अवदाब के आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट से टकराने के बाद प्रदेश में मानसून की गतिविधियां बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने 23 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 38 जिलों में बदली बारिश के बीच बिजली गिरने की आशंका है। अमौसी स्थित यूपी उत्तराखंड के मौसम मुख्यालय के अनुसार प्रदेश के ज्यादातर जिलों में झोंकेदार तेज हवा के साथ बारिश के आसार हैं। खासतौर पर 25 और 26 सितम्बर को पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है।
बारिश और ठंडी हवा से दिन के तापमान में 5 से 8 डिग्री तक की गिरावट भी हो सकती है। इसका पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आंध्र-ओडिशा के तट को लांघ कर आगे बढ़ रहा अवदाब कमजोर हो रहा है लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के साथ मिलकर यूपी में मानसून को दोबारा सक्रिय कर रहा है। प्रदेश में अब तक मानसूनी सीजन में कुल 865.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य 730.4 मिमी औसत के मुकाबले महज 6 फीसदी ही कम हैं। पूर्वी यूपी में अब तक 778.0 मिमी के मुकाबले 689.9 मिमी बारिश हुई जो 11 फीसदी कम है। वेस्ट यूपी में 663.7 मिमी के मुकाबले 679.7 मिमी बारिश हुई जो सामान्य से 2 फीसदी ज्यादा है.
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, अंबेडकर नगर एवं आस पास के क्षेत्र.
बौछार, तेज हवा के साथ बिजली गिरने की आशंका
बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, हमीरपुर, महोबा एवं आस पास के क्षेत्र ।
