01 दिसंबर 2026 से 05 जनवरी 2027 तक चलेगा जनगणना का द्वितीय चरण

01 दिसंबर 2026 से 05 जनवरी 2027 तक चलेगा जनगणना का द्वितीय चरण

लखनऊ। विधानसभा चुनाव और बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए प्रदेश में जनगणना के कार्यक्रम में बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। पहले फरवरी 2027 में प्रस्तावित जनगणना अब दिसंबर 2026 में ही शुरू कराई जा सकती है। गृह मंत्रालय से मिले संकेतों के बाद जनगणना निदेशालय और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

सूत्रों के अनुसार प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत जनगणना का कार्य 1 दिसंबर 2026 से शुरू होकर 5 जनवरी 2027 तक पूरा किया जा सकता है। इसके बाद महज कुछ दिनों के भीतर आंकड़ों को संकलित कर 10 जनवरी तक गृह मंत्रालय को भेजने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में प्रशासनिक स्तर पर कर्मचारियों की तैनाती, प्रशिक्षण, क्षेत्र निर्धारण और अन्य व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है जनगणना कार्यक्रम में बदलाव के पीछे विधानसभा चुनाव और बोर्ड परीक्षाओं को प्रमुख कारण माना जा रहा है। प्रदेश सरकार का कार्यकाल मई 2027 में समाप्त होना है और उससे पहले चुनाव होने हैं। इसी अवधि में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं भी प्रस्तावित रहती हैं, जिससे प्रशासनिक संसाधनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। इसी वजह से जनगणना को पहले कराने की योजना बनाई जा रही है।

हाल ही में जिला स्तर पर आयोजित बैठकों में कर्मचारियों की उपलब्धता, प्रशिक्षण कार्यक्रम, चार्ज निर्धारण, मानचित्रों के सत्यापन तथा एचएलबी और ईबी के पुनर्गठन जैसे विषयों की समीक्षा की गई। अधिकारियों का मानना है कि जनगणना की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए अब लगभग 90 दिन का समय ही शेष है, इसलिए सभी तैयारियों को तेजी से पूरा किया जा रहा है यदि प्रस्तावित कार्यक्रम को अंतिम मंजूरी मिलती है, तो देश की महत्वपूर्ण जनगणना प्रक्रिया चुनाव और परीक्षाओं से पहले ही पूरी कर ली जाएगी, जिससे प्रशासनिक कार्यों के संचालन में आसानी होगी।

Leave a Comment